शारजाह की जेल में बंद देवरिया के युवक की मौत

SHARE:

यूपी के देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की शारजाह स्थित जेल में बीमारी के चलते मौत होने का मामला सामने आया है। भारतीय दूतावास से गुरुवार की रात आई सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोग अब शव वतन मंगाने में जुट गए हैं। अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई है।

खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार निवासी रामप्रवेश कुशवाहा (40) पुत्र रामबृक्ष करीब दो वर्ष पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए शारजाह गए थे। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले उनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद वह चोरी-छिपे दूसरी कंपनी में काम करने लगे और परिवार से जल्द ही घर आने की बात कहने लगे। इस बीच पुलिस की उन पर नजर पड़ गई और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। काफी समय तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजन परेशान थे। गुरुवार देर रात शारजाह स्थित भारतीय दूतावास से परिवार को ईमेल मिला। इसमें रामप्रवेश की जेल में बीमारी के दौरान उपचार के क्रम में मौत होने की जानकारी दी गई। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटे के सहारे परिवार को आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद थी, उसकी मौत की सूचना से सभी बदहवास हैं। पत्नी ममता देवी दहाड़ मारकर रोने लगी और रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। यही हाल बेटे प्रियांशु, पुत्री प्रीति और माता-पिता का भी था। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण की चिंता भी सताने लगी है।

————————–

शव वतन मंगाने को भेजा गया कागजात

अब परिवार के लोग रामप्रवेश का भारत मंगाने में जुट गए हैं। शुक्रवार को कई अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी उन्होंने मुलाकात की। इसके अलावा सभी जरुरी कागजात तैयार कराकर भारतीय दूतावास को ई-मेल भेज दिया। हालांकि अभी कब तक शव गांव आएगा, इसकी कोई सूचना नहीं आई है। परिवार के लोग मौत की सूचना के बाद से टूट गए हैं और जब भी कोई दरवाजे पर पहुंच रहा है, उसे देखते ही दहाड़ मारकर रोने लग रहे हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें