यूपी के देवरिया जिले के रुद्रपुर में मंगलवार की भोर में पुलिस की गोलियां तड़तड़ा उठी, मुठभेड़ में पुलिस ने सुपारी किलर को गिरफ्तार किया। पैर में गोली लगने के बाद सुपारी किलर को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। एसपी अभिजीत आर शंकर समेत अन्य अधिकारियों ने प्रकरण की जानकारी ली। यह रुद्रपुर सीएचसी के सरकारी आवास में गर्भवती महिला की 3 लाख की सुपारी पर हत्या किया था। बाइक सवार इसका साथी अंधेरा का लाभ उठाकर फरार हो गया।
रुद्रपुर कोतवाली पुलिस भोर में अवस्थी चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच बाइक सवार दो लोग आते दिखे, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए इशारा किया तो वह बाइक मोड़ कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करना शुरू किया तो बाइक सवार पुलिस टीम पर फायर झोंकने शुरू कर दिए। शिहोरचक के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक व्यक्ति को पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस उसे सीएचसी ले गई, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राम आशीष यादव निवासी छपरा थाना झंगहा जिला गोरखपुर बताया। उसने बताया कि उसका साथी नरेश अंधेरा का लाभ उठाकर फरार हो गया है। उसने बताया कि सत्य प्रकाश यादव के सहयोग से महिला के परिजनों ने तीन लाख रुपए में महिला की हत्या करने की सुपारी दी थी। ढाई लाख रुपए मिले थे। 50 हजार रुपए अभी बाकी था। उसे लेने जा रहे थे।
……………..
यह है पूरी घटना
गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम चांदबाड़ी निवासी गुड़िया(28) पत्नी चमनलाल कुछ माह से सीएचसी रुद्रपुर में स्टॉफ नर्स के पद पर तैनात अपनी ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा के समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के तीसरे मंजिल पर स्थित सरकारी आवास में रह रही थी। शनिवार की रात गला दबाकर व सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। मामले में मृतका की मां लालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने पति चमन लाल, सास उर्मिला देवी, ननद पूर्णिमा, जेठ अभिमन्यु, जेठानी बनदेवी पत्नी अभिमन्यु के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने मामले में ननद, पति समेत कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
…………
भोर में पुलिस की मुठभेड़ हुई है, सुपारी लेकर हत्या करने वाले को पैर में गोली लगी है, अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।
अभिजीत आर शंकर
एसपी देवरिया







