दशहरा की रात यूपी के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो के समीप हुए डबल मर्डर के पर्दाफाश की राह पुलिस के लिए आसान नहीं दिख रही है। हालांकि पुलिस इस घटना को शराब को लेकर हुए विवाद के साथ ही कुछ नजदीकी लोगों को जांच बिंदु बनाकर घटना की तह में पहुंचने के जुटी हुई है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर दूसरे दिन भी पूछताछ करती रही। एसओजी, सर्विलांस समेत चार टीमें एएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में लार से लेकर मईल थाने तक जमी रही। पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर देने का दावा कर रहे हैं।
मईल थाना क्षेत्र के ग्राम इटहुरा हजाम के रहने वाले विनय कुमार यादव (36) पुत्र स्व.रामछबीला यादव गोरखपुर विकास प्राधिकरण में कर्मचारी थे। रेलवे में तैनात मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव के रहने वाले वकील यादव (38) पुत्र स्व.राजदेव यादव के साथ गहरी मित्रता थी। मंगलवार की रात दोनों लोगों दशहरा का मेला करने के लिए लार की तरफ गए थे। लौटते समय दोनों लोगों की राम-जानकी मार्ग पर बढ़या के समीप धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मामले में केस दर्ज कर पुलिस पर्दाफाश में जुटी हुई है। लार थानाध्यक्ष, मईल थानाध्यक्ष के साथ ही एसओजी, सर्विलांस टीम के अलावा मईल थाने में तैनात रहे दो इंस्पेक्टर, वरिष्ठ उप निरीक्षक को भी घटना के पर्दाफाश की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस घटना को प्रथम दृष्टया सामने आए वीडियो से शराब विवाद से जोड़ा गया, लेकिन पुलिस की जांच में इससे घटना का तार अभी तक नहीं जुड़ पाया है। अब पुलिस की जांच कुछ नजदीकी लोगों पर ही जाकर टिक गई है। पुलिस कुछ लोगों के मोबाइल काल डिटेल भी खंगाल रही है और लोकेशन भी घटना के समय की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना में कोई न कोई करीबी शामिल है। इस घटना में चार की संख्या में लोग शामिल हो सकते हैं। यह भी हो सकता है कि घटना को सुपारी देकर कराया गया हो। इस घटना में पेशेवर लोगों के भी शामिल होने की बात कही जा रही है। क्योंकि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, उस तरह से साधारण व्यक्ति घटना को अंजाम नहीं दे सकता। फिलहाल जो भी हो, इसका पर्दाफाश तो अब पुलिस की जांच में ही हो सकेगा। उधर पुलिस की टीमें लगातार सीसी फुटेज खंगालते नजर आई। ताकि घटना का तार जुड़ जाए और घटना का पर्दाफाश हो जाए।
———————————-
एक सीसी फुटेज पुलिस को कर रहा विचलित
शराब की दुकान के बाद का एक और पुलिस के पास सीसी फुटेज आया है। जिसमें वकील के साथ ही दूसरी बाइक भी नजर आई है। जिसमें एक बाइक पर विनय बैठे हुए हैं। जबकि एक बाइक वकील चला रहे हैं और दूसरा युवक बैठा बताया जा रहा है। इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान अखबार नहीं करता है। इस सीसी फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस भी विचलित हो गई है। आखिर विनय जिस बाइक पर बैठे हैं, वह कौन चला रहा है? पुलिस उस बाइक पर सवार लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दूसरे बाइक पर सवार लोगों का अगर पता चल जाएगा तो घटना की स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी।
……………………
कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कई टीमें लगी हैं। कुछ नंबर भी संदिग्ध लग रहे हैं। उनका काल डिटेल खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
सुनील कुमार सिंह
एएसपी, देवरिया
मासूम बेटों ने दी पिता को मुखाग्नि, रो पड़ा जवार
करजहां के रहने वाले वकील यादव का बुधवार की रात और ग्राम इटहुरा हजाम के रहने वाले विनय कुमार यादव का गुरुवार की सुबह भागलपुर में सरयू तट पर अंतिम संस्कार हुआ। दोनों को उनके मासूम बेटों ने मुखाग्नि दी तो वहां मौजूद लोगों की आंखे भर आई। परिजनों का कहना था कि विनय व वकील जब घर से दशहरा का मेला जाने लगे तो दोनों लोगों के बच्चे पिता से अच्छा-अच्छा खिलौना लाने का जिद करने लगे। पिता भी अपने बच्चों को खिलौना व जलेबी लाने का वादा कर गए। बच्चे भी पिता के वादों से काफी खुश थे और उन्हें लगा देर रात तक उनके पिता खिलौना लेकर आएंगे। वह अपने दोस्तों को दिखाएंगे। लेकिन बुधवार की देर शाम खिलौना नहीं, दोनों बच्चों के दरवाजे पर पिता का शव पहुंचा तो उनकी खुशी मातम में बदल गई। जिन नन्हे कंधों पर अभी स्कूल का बस्ता होना चाहिए था, उन्हीं कंधों पर आज पिता की अंतिम यात्रा का भार था। जिन बच्चों के सामने जिंदगी में मेले, खिलौने और खुशियों के सपने होने चाहिए थे, उन्हें इतनी कम उम्र में पिता की चिता को मुखाग्नि देने की पीड़ा सहनी पड़ी।







