नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में जिला पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में चाइनीज सामग्री बरामद की है। हवाईअड्डे के पास राजकुमार नाम के व्यक्ति के गोदाम से 60 बोरे चाइनीज लहसुन, 298 बोरे विभिन्न सब्जियों के बीज और 104 बोरे गुड़ बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक ट्रक को भी जब्त किया है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 16 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि गंडक नदी के रास्ते नेपाल से चाइनीज लहसुन समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में पहुंचाई गई है। इसके बाद जिला सूचना इकाई की टीम और पुलिस पदाधिकारियों की टीम गठित कर छापेमारी का निर्देश दिया गया। इसी दौरान जानकारी मिली कि सामग्री हवाईअड्डे राजकुमार के गोदाम में रखी गई है। टीम ने गोदाम में छापेमारी की तो वहां से उक्त सामग्री बरामद हुई। सभी सामग्री कस्टम विभाग के बेतिया के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार विद्यार्थी को सौंप दी गई।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कस्टम विभाग की कार्रवाई में इस धंधे में संलिप्त उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लालपुर चटिया निवासी सुनील जायसवाल, लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी अनिल यादव, निचलौल थाना क्षेत्र के धर्मौली निवासी अली हसन, अनूप यादव, संदीप यादव, मनोज यादव, संतोष, गोरख रौनियार और गोदाम मालिक राज कुमार सहित अन्य अज्ञात को नामजद किया गया है।








