यूपी में नगरपालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का मतपत्र हरा, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का मतपत्र सफेद व वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों का मतपत्र गुलाबी…। वर्ष 2028 में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव में मतपत्रों के इन रंगों को याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव ईवीएम से कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे मतदान के बाद मतगणना में कम समय लगने और परिणाम जल्द घोषित होने की उम्मीद है।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह अब राज्य निर्वाचन आयोग नगर निकाय चुनाव में भी ईवीएम का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। निकाय चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम के सुरक्षित भंडारण के लिए जिले में वेयरहाउस बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए जिलों से भूमि का प्रस्ताव मांगा है। हर जिले में अब भूमि की तलाश की जा रही है।








