यूपी के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक बड़ी घटना हो गई। शहर के बीचोबीच कोठी चौराहे के पास स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी में करीब साढ़े 11 बजे 28 वर्षीय युवक ने 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को गोली मार दी। हत्या करने के बाद खुद को गोलियों ने उड़ा दिया। उस समय साढ़े तीन सौ बच्चे स्कूल में मौजूद थे। गोलियां तड़तड़ाते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी सोमवार सुबह स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि उसने पहले से स्कूल में मौजूद शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत की। इसके बाद दोनों स्कूल की दूसरी मंजिल पर नर्सरी और सीनियर नर्सरी कक्षाओं के सामने पहुंचे। कुछ देर दोनों के बीच बातचीत होती रही। इसी दौरान स्कूल का स्टाफ भी वहां पहुंचने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने अपने पास मौजूद असलहे से शिक्षिका को गोली मार दी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अगले ही पल उसने खुद को भी गोली मार ली। दो गोलियों की आवाज से स्कूल परिसर दहल गया। परीक्षाएं चलने के कारण बड़ी संख्या में छोटे बच्चे स्कूल में मौजूद थे। घटना के बाद बच्चे सहम गए और स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षिका और युवक को तत्काल देखने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डा. ख्याति गर्ग, सीओ सिटी विवेक तिवारी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंच गए। साथ ही फोरेंसिक टीम अब जांच कर रही है।
—————————–
महिला शिक्षक व युवक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है। वारदात के पीछे के कारणों का पता कराया जा रहा है। टीमें लगी हैं। काल डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
डा.ख्याति गर्ग
एसपी








