यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बसपा ने सुल्तानपुर सीट पर सोमवार को प्रत्याशी की घोषणा कर दी। बसपा ने इम्तियाज अली भुट्टो को उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने की। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पर दी।
जनपद सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में बहुजन समाज पार्टी द्वारा एक अति महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा सुल्तानपुर से प्रभारी/प्रत्याशी के रूप में इम्तियाज अहमद भुट्टो जी को घोषित किया गया। इसके पहले, बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सोमवार दोपहर सुल्तानपुर शहर पहुंचे। उन्होंने अम्बेडकर पार्क में डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद तिकोनिया पार्क में मीडिया से बातचीत की। ओपी राजभर के यूपी के चार हिस्से वाले बयान पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि ये लोग सिर्फ घोषणाएं और बयानबाजी करते हैं। उनके बस का यह काम नहीं है। उन्होंने उदाहरण दिया कि सुल्तानपुर जैसे जिले का विकास संभव न होने पर बहनजी (मायावती) ने छत्रपति साहू जी के नाम से नया जिला बनाया था। इसी तरह बस्ती मंडल और देवी पाटन मंडल भी बने। पाल ने कहा कि यह काम बहनजी ही कर सकती हैं, बाकी लोग सिर्फ घोषणाएं करते हैं और बाद में उसे जुमला बता देते हैं। विश्वनाथ पाल ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पीडीए का मतलब ‘धोखा’ है।








