देवरिया में मकान में पुलिस का छापा, दो कुंतल पटाखा बरामद, दो गिरफ्तार

SHARE:

यूपी के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के हेतिमपुर में कसया-गोरखपुर मार्ग स्थित एक मकान में मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब दो कुंतल निर्मित व अर्द्धनिर्मित पटाखे, तीन किलोग्राम बारूद और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बताया गया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा के नेतृत्व में सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी और महुआडीह पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर हेतिमपुर टोल प्लाजा के समीप स्थित एक मकान पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मकान में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, मकान में पिछले करीब सात दिनों से रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ निवासी हसनैन खान किराये पर रह रहा था। आरोप है कि वह अरमान खान के साथ मिलकर पटाखे तैयार कर रहा था।

तलाशी के दौरान पुलिस को करीब दो कुंतल निर्मित एवं अर्द्धनिर्मित पटाखे, लगभग तीन किलोग्राम बारूद, दो बोरी कागज तथा पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और पुर्जे मिले। पुलिस को आशंका है कि तैयार पटाखों को दशहरा और दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में भेजने की तैयारी थी।

पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मकान में छापेमारी की गई। भारी मात्रा में पटाखा बरामद हुआ है और दो लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें