ओमान के पूर्वी तट पर जहाज पर हुए हमले में यूपी के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमाजीपुर गांव के रहने वाले सूरज यादव (23) पुत्र ओम प्रकाश यादव की मौत हो गई। मौत की सूचना घर आते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे। अब शव को स्वदेश मंगाने में जुटे हुए हैं। वह एक माह 10 दिन पूर्व घर से फ्लाइट से ओमान गए थे। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। चार भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता ओम प्रकाश यादव कुवैत रहते हैं उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है। वह भी घर के लिए चल दिए हैं। घर में सूरज की मां, दादा व भाइयों का पूरा संयुक्त परिवार रहता है। उनके दरवाजे पर गांव समेत आसपास के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
————————
ओमान के तट के पास भारत आ रहे मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर बुधवार को हुए हमले में देवरिया के सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास, मस्कट ने एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर दूतावास जहाज पर सवार भारतीयों की सुरक्षा और मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में समन्वय कर रहा है।
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के मुताबिक सूरज जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे। जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे। FSUI ने इनमें 20 भारतीयों के होने की जानकारी दी है। हालांकि, भारतीय दूतावास की शुरुआती आधिकारिक जानकारी में 19 भारतीय नागरिकों का उल्लेख किया गया था। बाद की रिपोर्ट में 20 भारतीयों के सवार होने की जानकारी भी सामने आई है।
——————————
हमले के बाद इंजन रूम में लगी आग, 27 क्रू को बचाया
ओमानी अधिकारियों के अनुसार हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। ओमान के आधिकारिक बयान के मुताबिक जहाज पर हमले के दौरान एक क्रू सदस्य की मौत हुई, जिसकी भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक के रूप में पुष्टि की। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी सूरज यादव की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि सूरज को सिर में चोट आई थी और सरकार उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।








