यूपी के देवरिया के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में शुक्रवार को 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों से करीब 800 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। बारिश के कारण उद्घाटन कार्यक्रम करीब दो घंटे देरी से दोपहर दो बजे शुरू हो पाया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद प्रदेश के अलग-अलग मंडलों से आए खिलाड़ियों ने कुश्ती मैट पर अपने दांव दिखाए। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाली प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में 18 मंडलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा गोरखपुर और सैफई के स्पोर्ट्स कॉलेजों के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। मंडलीय प्रतियोगिताओं में विजेता रहे 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों को इसमें हिस्सा लेने का मौका मिला है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत श्री बैकुंठनाथ पवहारी संस्कृत महाविद्यालय, बैकुंठपुर के छात्रों ने वैदिक सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर की। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।








