सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2022 में सपा की सरकार न बनने का ठिकरा चुनाव आयोग पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की गड़बड़ी के कारण सपा की सरकार यूपी में नहीं बन सकी। चुनाव के बाद हमने कहा था कि सपा समर्थकों के वोट काटे गए। 2017 में हम समझ नहीं सके। हम मानते थे कि चुनाव आयोग ईमानदारी से और निष्पक्ष होकर काम कर रहा होगा पर ऐसा नहीं था।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग चुनाव में लंबे समय से गड़बड़ी कर रहा था, पर अब सच्चाई सामने आ रही है। भाजपा के लोगों ने गांव-गांव से वोट कटवाने की कोशिश की और बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर भेजे। लखनऊ में एक ही व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर 100 से ज्यादा वोट कटवाए, जबकि एक व्यक्ति सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ ही फॉर्म-7 जमा कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव में गड़बड़ी पर आयोग का बचाव कर रहे हैं। इसका मतलब है कि वो भी घोटाले में शामिल हैं। कहा कि गोरखपुर को स्पेन बताया जाता है पर वहां तो जगह-जगह पानी भरा है। उन्होंने कहा कि जहां पर मेट्रो चलने का दावा किया जा रहा था वहां पर अब नाव चल रही है।








