यूपी के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार में आधी रात को अचानक एक झोपड़ी में आग लगने से बाप_बेटी समेत तीन की झुलसने से मौत हो गई। जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के लिए महिला को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। अग्निशमन के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एसपी अभिजीत आर शंकर समेत अन्य अधिकारी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
गांव के जितेंद्र प्रसाद (32) पुत्र लालचंद की झोपड़ी में आधी रात को अचानक आग लग गई और जितेंद्र, बालकिशन पुत्र अदालत, शनि (3) पुत्री जितेंद्र, लीला पत्नी जितेंद्र उसी में घिर गए। आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए और अग्निशमन टीम को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाया और चारों झुलसे लोगों को सीएचसी भटनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जितेंद्र, शनि, बालकिशन की मृत घोषित कर दिया, वही लीला की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई है।








