बसपा सुप्रीमो मायावती ने भतीजे ईशान के लिए फिर खोले BSP के दरवाजे, आकाश के साथ अब दीपिका की भी बसपा में नो एंट्री

SHARE:

बसपा सुप्रीमो व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक बार फिर अपने छोटे भतीजे ईशान के लिए पार्टी के दरवाजे खोल दिए हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि बहुत जल्द ईशान को सम्मानजनक जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि अब आकाश आनंद को बसपा में कभी कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। मायावती ने भतीजी दीपिका आनंद को दिया अपना ऑफर भी वापस ले लिया। अभी एक हफ्ते पहले ही बसपा सुप्रीमो ने अपने दोनों भतीजों आकाश और ईशान को पार्टी में कोई बड़ी या छोटी जिम्मेदारी नहीं देने के ऐलान के साथ लंदन में वकालत की पढ़ाई कर रही भतीजी दीपिका आनंद पर भरोसा जताया था। मायावती ने कहा था कि आगे चलकर उनके भाई आनंद कुमार को मेरी मदद के लिए किसी और सदस्य की जरूरत पड़ती है तो अपनी इकलौती बेटी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं। अब मायावती ने एक बार फिर अपना मन बदल लिया। रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने साफ कर दिया कि अब ईशान को ही पार्टी में लिया जाएगा। आकाश आनंद और दीपिका आनंद की बसपा में कभी एंट्री नहीं होगी।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दीपिका आनंद को दिया ऑफर वापस लेने की वजह भी बताई है। अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि एक लड़की होने की वजह से मुझे मजबूरी में अपने किसी ना किसी भाई-बहन को हमेशा अपने साथ रखना पड़ा। इसी के चलते मेरा छोटा भाई आनन्द कुमार पिछले काफी वर्षों से मेरी सेवा में कार्यरत है। उनके विशेष आग्रह करने पर मुझे उनके परिवार में उनके बड़े बेटे आकाश आनन्द को राजनीति में आगे करना पड़ा लेकिन शादी होने के बाद आकाश आनन्द का कदम-कदम पर ऐसा रवैया और गतिविधियां रही हैं कि अभी कुछ दिन पहले फिर से इनको पार्टी से अलग करना पड़ा। दीपिका आनंद से ऑफर वापस लेने का कारण बताते हुए मायावती ने कहा कि यदि कहीं उनकी शादी होने के बाद उनका मामला भी आकाश आनंद की तरह निकल गया तो यह भी पार्टी के हित में नहीं होगा। ऐसी संभावना को ध्यान में रखकर अब पार्टी हित में यही उचित होगा कि आकाश आनंद और इनकी बहन को पार्टी में कोई भी जिम्मेदारी न दी जाए। इन दोनों को पार्टी से एकदम दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि अब इस फैसले में कोई भी फेरबदल नहीं किया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें