यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी। यूपी की इन सीटों पर आगामी 16 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन शाम को मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। नवंबर 2026 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके मद्देनजर चुनाव की घोषणा की गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसकी अंतिम तिथि 6 अक्तूबर तय की गई है। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि प्रत्याशी 9 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 16 अक्तूबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके तुरंत बाद शाम 5:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम सामने आ जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को 19 अक्तूबर 2026 तक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
——————————-
प्रदेश में विधान परिषद चुनाव का एलान, 23 अक्तूबर को होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 22 सितंबर को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, इन सीटों पर 23 अक्तूबर 2026 को मतदान होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को कराई जाएगी।आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्तूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्तूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्तूबर तक नाम वापस ले सकेंगे।
यूपी की लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीटों तथा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीटों के सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इस कारण चुनाव की घोषणा की गई है।
———————–
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
अधिसूचना जारी : 29 सितंबर
नामांकन की अंतिम तारीख : 6 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच : 7 अक्तूबर
नाम वापसी की अंतिम तारीख : 9 अक्तूबर
मतदान : 23 अक्तूबर
मतदान का समय : सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
मतगणना : 27 अक्तूबर
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की अंतिम तारीख : 31 अक्तूबर








