यूपी के सिद्धार्थनगर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सात फेरों की खुशियां 20 घंटे भी नहीं टिक सकीं। जनियाजोत गांव में सोमवार को विवाह बंधन में बंधे नव दंपती का सुहागरात के अगले दिन शव मंगलवार की भरे में कमरे से मिला। दुल्हा का शव फंदे से कमरे में लटक रहा था तो पत्नी का शव बिस्तर पर था। इसकी भनक लगते ही सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए और जांच किए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच जानकारी ली।
सिद्धार्थनगर जिले के जनियाजोत निवासी देशराज चौहान पुत्र मुकेश चौहान का जोगिया थाना क्षेत्र के कड़जहवा निवासी अनिता से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों ने रिश्ते को स्वीकार कर अप्रैल में शादी तय की थी। देशराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से गांव लौटा था। देश राज के लौटने की भनक लगते ही अनिता एक सप्ताह पहले घर आई और वहीं रहने लगी। दोनों परिवारों ने बाद में शादी करने की बात तय कर ली। सोमवार को दो बजे बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों का विवाह हुआ। इसके बाद घर में रिश्तेदारों और पट्टीदारों के लिए प्रीतिभोज हुआ। प्रीतिभोज के उपरांत रात में सभी लोग सोने चले गए। मंगलवार सुबह करीब चार बजे देशराज की मौसी नवदंपती को जगाने कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खुला था। अंदर देशराज फंदे से लटका मिला, जबकि अनिता बिस्तर पर मृत पड़ी थी। दोनों को इस हालत में देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और जांच की।








