चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। सुल्तानपुर के थाना हलियापुर क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एंबुलेंस सवार शहीद के पुत्र, रुद्रपुर उपनगर के सभासद समेत चार लोगों की मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में मातम छा गया।
शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान, निवासी गईला दुधिला, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में शहीद के पुत्र गौरव सिंह, राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल सवार थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किमी पर अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी। हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सभासद राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को उपचार के लिए पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया








