नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में आयोजित मार्च के दौरान सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में देवरिया में सपाई सड़क पर उतर गए और शहर के सुभाष चौक पर धरना पर बैठ गए हैं। साथ ही तत्काल अखिलेश यादव की रिहाई की मांग कर रहे हैं। जब तक सपा मुखिया की रिहाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रखने का सपाईयों ने ऐलान किया है।
जैसे ही सपा मुखिया के दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की सूचना सपाईयों को मिली शहर के सुभाष चौक पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। सपा जिलाध्यक्ष ब्यास यादव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्हें तत्काल हटाया जाए। उनके ही विरुद्ध दिल्ली में आंदोलन सपा मुखिया सांसद लोगों के साथ कर रहे थे। उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तत्काल सपा मुखिया की रिहाई की जाए। जब तक उनकी रिहाई नहीं की जाएगी, सपा नेता यहां से हटेंगे नहीं और आंदोलन को तेज किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त के पक्ष में भाजपा क्यों सामने आ रही है, इससे पूरी स्थिति साफ है। आंदोलन में पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय प्रताप यादव, चौधरी बेचू लाल, रमेश यादव समेत अन्य वरिष्ठ सपा नेता शामिल हैं।








