सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को देवरिया में कहा कि 2024 में भाजपा को यूपी में हराए थे, 2027 में हराएंगे और सरकार बनाएंगे। जनता हर समय साथ खड़ी है, लेकिन साजिश के तहत हमें हराने का काम किया जाता है। इसको लेकर सपा कार्यकर्ता सतर्क रहें। केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए एयरपोर्ट के निजीकरण, अयोध्या में विस्थापितों को उचित मुआवजा नही मिलने की बात कही। वे लार क्षेत्र के रक्शा गांव में पूर्व विधायक सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार एयरपोर्ट बनाकर उन्हें निजी हाथों में सौंप रही है। जिस दिन किसी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी, उसी दिन उसे बेच दिया जाएगा। नाम बदलने की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने जीवनकाल में ही अपने नाम पर नामकरण कराना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें भरोसा नहीं है कि बाद में कोई उनके नाम पर ऐसा करेगा। उन्होंने कहा कि नाम बदलने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही है।
उन्होंने पेट्रोल में इथेनाल मिलाने के मुद्दे पर कहा कि यदि किसी बोतल में इथेनाल के साथ गलत पदार्थ मिला दिया जाए तो क्या होगा। उन्होंने कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान नहीं हटना चाहिए। सरकार को इन सवालों पर जवाब देना चाहिए। डबल इंजन की सरकार हर मुद्दे पर विफल साबित हो रही है। लोगों को इस डबल इंजन से काफी कुछ उम्मीद थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अयोध्या के लोगों के साथ भेदभाव किया है। विकास कार्यों के लिए जिनकी जमीन, घर और दुकानें ली गईं, उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों को उचित लाभ नहीं मिला। इस सरकार में गरीबों को इलाज कराने के लिए कार्ड की जरुरत पड़ रही है। लेकिन सपा सरकार में अस्पताल में सभी का उपचार फ्री में बेहतर होगा और बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के बनाए एक्सप्रेस-वे व लिंक रोड गड्ढे में तब्दील हो जा रहे हैं, लेकिन सपा सरकार में बना आगरा एक्सप्रेस-वे आज भी नजीर है। सपा सरकार आने पर सिक्स लेन सड़क बनेगी।
…………..
पूर्व विधायक के परिवार के लोगों से मिले अखिलेश, 20 मिनट तक की बातचीत
लार विकास खंड के रक्शा स्थित दर्शन इंटर कालेज में श्रद्धांजलि देने आए सपा मुखिया अखिलेश यादव पूर्व विधायक सुरेश यादव के परिवार के लोगों से मुलाकात किए। 20 मिनट तक वह परिवार के लोगों से बातचीत किए। इस दौरान पूर्व विधायक की बातों को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह हर समय पार्टी की चिंता करते थे। अंतिम बार जब मिलने के लिए सांसद धर्मेंद्र यादव आए थे तो भी पूर्व विधायक ने सरकार बनाने की सलाह दी थी।
पूर्व विधायक सुरेश यादव का लंबी बीमारी के बार सात अगस्त को निधन हो गया था। उनके श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सीएम नहीं आए पाए थे। एक सप्ताह पहले पूर्व सीएम के आने की सूचना मिलने के बाद से ही कार्यक्रम को लेकर तैयारी शुरू हो गई। दोपहर बाद पूर्व सीएम यहां पहुंचे और श्रद्धांजलि देने के बाद विद्यालय परिसर में ही अलग कैंपस में वह परिवार के लोगों से मिले। यहां सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक के पुत्र ओपी यादव, ओपी यादव की पत्नी सविता प्रकाश, बेटे चिराग, बेटी अपर्णा, दिप्ती, पंकज श्रीवास्तव, प्रियंका श्रीवास्तव, संस्कृति, डा. केपी यादव, अजय यादव, आनंद यादव, दारा यादव, दिनेश यादव, सत्यप्रकाश यादव, राकेश यादव समेत अन्य लोगों से भी उन्होंने मुलाकात किया। सपा मुखिया ने कहा कि ओपी हमारे परिवार के सदस्य हैं और हमेशा रहेंगे।








